डेस्क न्यूज़
22 September, 2025
अन्य
नीमच। अग्रवाल समाज नीमच द्वारा अपने पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन जी की 5149वीं जयंती बड़े ही उत्साह, धार्मिक श्रद्धा और सांस्कृतिक वैभव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सोमवार को दिनभर विविध आयोजनों की श्रृंखला चली, जिसमें समाजजन और नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह अग्रसेन वाटिका में हुआ, जहां महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर धार्मिक वातावरण की सर्जना की गई। इसके पश्चात ध्वजारोहण एवं आरती का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समाज के अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल, सचिव अशोक मंगल एवं प्रवक्ता राजेश मंगल पप्पू ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती महोत्सव के अंतर्गत शाम को नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा से परिपूर्ण रही। यह शोभायात्रा श्री अग्रवाल पंचायत भवन बारादरी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अग्रसेन वाटिका पहुंची।
शोभायात्रा में ऊंट, घोड़े, बग्गी, आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे, ताशा और मजीरा पार्टियों के साथ-साथ बटुक टुकड़ी की प्रस्तुतियों ने नगरवासियों का मन मोह लिया। विशेष आकर्षण का केंद्र रही महाराजा अग्रसेन जी की भव्य झांकी, जिसने सभी को उनके आदर्शों की याद दिलाई। मार्गभर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
समारोह का समापन अग्रसेन वाटिका में आयोजित महाआरती से हुआ, जहां समाजजन ने एक स्वर में महाराज अग्रसेन जी की जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इस अवसर पर नीमच नगर में धार्मिक उल्लास, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का अनुपम संगम देखने को मिला।