डेस्क न्यूज़
19 September, 2025
अन्य
नीमच। उज्जैन में 15 से 19 सितंबर तक आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय शाला जिमनास्टिक प्रतियोगिता वर्ष 2025 में नीमच की जिमनास्टिक खिलाड़ी देवीशा चौधरी ने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले का मान बढ़ाया।अंडर-17 बालिका वर्ग में देवीशा ने कुल पांच पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल है। देवीशा के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उनका चयन आगामी दिसंबर माह में कोलकाता में होने वाली राष्ट्रीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता के लिए हुआ है।खिलाड़ियों के नीमच लौटने पर शुक्रवार को उनका जोरदार स्वागत किया गया। भारत माता चौराहे पर देवीशा चौधरी सहित अन्य खिलाड़ियों का परिजनों और इष्ट मित्रों द्वारा अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने जिमनास्टिक का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।मुख्य कोच राजकुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नीमच जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। देवीशा चौधरी ने जहां पांच पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया, वहीं अंडर-17 वर्ग में जन्मजय शक्तावत और अंडर-14 वर्ग में रामन्स ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया।कोच सिन्हा ने कहा कि देवीशा चौधरी की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित होने के बाद उनसे और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।भारत माता चौराहे पर हुए स्वागत समारोह में मुख्य कोच राजकुमार सिन्हा के साथ अजय सरदार, राहुल चौधरी, दिलीप रावल, ईश्वर चौहान सहित खिलाड़ियों के परिजन और मित्रगण उपस्थित रहे। सभी ने देवीशा चौधरी और अन्य खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।देवीशा चौधरी की इस उपलब्धि ने न सिर्फ नीमच जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है, बल्कि जिले की बालिकाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है। स्थानीय खेलप्रेमियों का कहना है कि अगर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और मार्गदर्शन मिले, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल कर सकते हैं।