डेस्क न्यूज़
18 September, 2025
अन्य
नीमच। ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) जिला शाखा नीमच के बैनर तले गुरुवार को आउटसोर्स, ठेका, संविदा, दैनिक वेतन भोगी और अस्थाई श्रेणी के कर्मचारियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस मौके पर कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवाज बुलंद की तथा ऊर्जा मंत्री मध्य प्रदेश शासन भोपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि वे कई वर्षों से विद्युत वितरण कंपनी में कार्यरत हैं लेकिन आज तक उन्हें स्थाई पदों पर समायोजित नहीं किया गया है। उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति बेहद दयनीय है। वर्षों की सेवा के बाद भी न तो पर्याप्त वेतन मिल पा रहा है और न ही आवश्यक सुविधाएं। सीटू यूनियन ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए सरकार और कंपनी प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों ने ज्ञापन में आउटसोर्स, ठेका, संविदा और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 26,000 रुपये प्रतिमाह किया जाने,मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में प्रस्तावित 50,000 नई भर्तियों में सबसे पहले वर्षों से कार्यरत आउटसोर्स व अस्थाई कर्मचारियों को शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 100 प्रतिशत समायोजित किया जाने,कार्य के दौरान दुर्घटनाओं में मृत्यु होने पर श्रमिक के परिवार को एक माह के भीतर 50 लाख रुपये का मुआवजा तथा स्थाई दिव्यांगता की स्थिति में 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाने, सभी श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ प्रदान किया जाने। कंपनी के खाली पदों पर इस श्रेणी के कर्मचारियों को सीधी नियुक्ति दी जाने जैसी मांगे शामिल की।कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सीटू जिला नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि वर्षों से मेहनत और सेवाएं देने वाले श्रमिकों के साथ अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।