ताजासमाचार

रामपुरा में कांग्रेस का जबरदस्त विरोध प्रदर्शन, पीली मोजेक सहित रामपुरा की विभिन्न समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज 17 September, 2025 राजनीति

रामपुरा । रामपुरा शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार को किसानों की समस्याओं और नगर परिषद की अव्यवस्था को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने बालाजी मंदिर से तहसील कार्यालय तक रैली निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेसजनों ने ज्ञापन में मांग की कि अतिवृष्टि से पीली मौजक क्षेत्र में सोयाबीन फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है, इसलिए किसानों का तत्काल सर्वे करवाकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही नगर परिषद रामपुरा में फैले भ्रष्टाचार, नल-जल योजना और तालाब निर्माण में हुई अनियमितताओं की जांच कर कार्रवाई की जाए। नगर की जर्जर सड़कों और फैली गंदगी को सुधारने की भी मांग उठाई गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि भाजपा सरकार किसानों और गरीबों के साथ अन्याय कर रही है। सरकार एक ओर किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करती है, जबकि खाद-बीज और कृषि सामग्री दोगुने दामों पर बिक रही है। वहीं, फसलों का दाम लागत तक भी नहीं मिल पा रहा, जिससे किसान निराश और हताश हैं। कांग्रेस ने मांग की कि जिस प्रकार कमलनाथ सरकार ने बिना सर्वे के सभी किसानों को मुआवजा दिया था, उसी तरह भाजपा सरकार भी अतिवृष्टि प्रभावित किसानों को तत्काल राहत राशि प्रदान करे।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बहेती, पूर्व मंत्री नरेन्द्र नाहटा, प्रदेश महासचिव मंगेश संघाई, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि आर. सागर कच्छावा, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष चंद्रशेखर पालीवाल, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र मोनू लाक्स, विनोद जादक, श्याम सोनी, कैलाश राठौर, रामपुरा ब्लॉक अध्यक्ष राजू गारासिया, शहर अध्यक्ष संदीप सोनी, उपाध्यक्ष विजयराज चंद्रावत, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने “जय जवान-जय किसान” और “भाजपा सरकार मुर्दाबाद” के नारे लगाए और किसानों, मजदूरों व नगर की जनता के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

Related Post