डेस्क न्यूज़
16 September, 2025
राजनीति
नीमच। ग्राम चेनपुरा खदान (तहसील नीमच) के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपकर गांव के पास हो रहे अवैध खनन को तत्काल रोकने की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बालाजी मंदिर के समीप बस्ती के नजदीक ही शेर सिंह, लखन सिंह और नारायण सिंह द्वारा अवैध तरीके से उत्खनन कर ट्रैक्टरों से परिवहन किया जा रहा है। इससे शासन को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है।ग्रामीणों ने आवेदन में उल्लेख किया कि उक्त स्थान पर किसी भी विभाग द्वारा खनन की अनुमति नहीं दी गई है, बावजूद इसके निजी स्वार्थ के लिए लगातार अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। यह खदान गांव की बस्ती के ठीक पास स्थित है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि खुले गड्ढों में बच्चे गिरकर गंभीर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं, वहीं बरसात के दिनों में पानी भरने से डूबने का खतरा भी बना रहता है।ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित आरोपियों पर नोटिस जारी कर उनके द्वारा अवैध खनन से अर्जित लाभ की वसूली की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त रोक लगाई जाए। साथ ही,खदान क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से अवैध उत्खनन को बंद करवाने की कार्रवाई की जाए।ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते कार्यवाही नहीं हुई तो गांव और आसपास के क्षेत्र में दुर्घटनाएं होना तय है। कलेक्टर से उम्मीद जताई गई कि शासन को नुकसान पहुँचाने वाले इस अवैध खनन पर तुरंत रोक लगेगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।