निर्मल मूंदड़ा
16 September, 2025
अन्य
रतनगढ़ (जिला नीमच)। रतनगढ़ के पास स्थित गुंजाली नदी क्षेत्र के एक मक्का के खेत में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मजदूरों को एक विशालकाय 7 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। खेत में काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद एक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
वन विभाग और ग्रामीणों की सजगता से टला बड़ा खतरा
घटना की सूचना मिलते ही जावद वन परिक्षेत्र कार्यालय की टीम मौके पर पहुंची। यह रेस्क्यू ऑपरेशन जिला वन मंडलाधिकारी एस.के. अटोदे, उपवन मंडलाधिकारी दशरथ अखंड, तथा वन परिक्षेत्राधिकारी विपुल प्रभात करोरिया के निर्देशन में किया गया।
रेस्क्यू टीम का नेतृत्व वन परिक्षेत्र सहायक अंतिम हरित ने किया, जिनके साथ वनरक्षक भंवरलाल धनगर, वाहन चालक व सुरक्षा श्रमिक राहुल सोनी और दीपक प्रजापत भी मौजूद थे। स्थानीय युवाओं — श्यामसिंह राजपूत, शुभम सोनी, लाखनसिंह राजपूत — और अन्य ग्रामीणों की मदद से अजगर को मक्का के खेत से सुरक्षित रूप से पकड़कर जंगल में छोड़ा गया।
खेत में फैली दहशत, फिर मिली राहत
स्व. जगदीश चंद्र, कृष्ण गोपाल लढा के खेत में जब यह अजगर दिखाई दिया, तो वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। खेत में छिपे अजगर को निकालने में वन विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन अंततः वह सुरक्षित अवस्था में पकड़ा गया और बिना कोई नुकसान पहुंचाए जंगल में छोड़ दिया गया।
स्थानीय सहयोग रहा सराहनीय
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग की हर संभव मदद की, जिससे यह कार्य साफ-सुथरे और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सका। इस अभियान को लेकर स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली और वन विभाग की कार्यशैली की सराहना की।