डेस्क न्यूज़
15 September, 2025
अन्य
नीमच । सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहर के इंद्रा नगर भगवानपुरा में रविवार शाम एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां 50 वर्षीय व्यक्ति ने अज्ञात कारणों के चलते एसिड पीकर मौत को गले लगा लिया ।
मृतक की पहचान भेरूलाल पिता उदयराम नायक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भेरूलाल ने अचानक घर पर ही एसिड का सेवन कर लिया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तत्काल नीमच जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में उदयपुर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, उदयपुर ले जाते समय रास्ते में ही भेरूलाल की मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, कारण अभी भी अज्ञात
सोमवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।
परिजन भी यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि भेरूलाल ने ऐसा कदम क्यों उठाया। घटना के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।