डेस्क न्यूज़
12 September, 2025
प्रशासनिक
नीमच। सिटी रोड स्थित मुक्तिधाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर नगर पालिका ने सीसी रोड निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी है। लंबे समय से प्रस्तावित इस कार्य के लिए गुरुवार को नगर पालिका अमला दलबल के साथ मौके पर पहुंचा और मार्ग पर लगी अवैध गुमटियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की थी।इस दौरान कई गुमटियां, जो वर्षों से बंद पड़ी थीं, नगर पालिका टीम ने कब्जे में ली और वहां से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के समय कुछ गुमटी धारकों ने विरोध दर्ज कराया, लेकिन नगर पालिका अधिकारियों ने उन्हें चेतावनी दी। इसके बाद गुरुवार को कार्रवाई रोक दी गई थी। वहीं शुक्रवार सुबह से ही मुक्तिधाम मार्ग पर सीसी रोड निर्माण की खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। नगर पालिका की चेतावनी के बाद गुमटी धारकों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। जानकारी के अनुसार, इस मार्ग पर लगी अधिकांश गुमटियां अवैध रूप से खड़ी की गई थीं और उनके मालिक उन्हें किराए पर देकर मुनाफा कमा रहे थे। नगर पालिका द्वारा पूर्व में मौखिक रूप से सभी गुमटी धारकों को सूचित किया गया था कि निर्माण कार्य में बाधा न डालें और स्वेच्छा से अपनी गुमटियां हटा लें। बावजूद इसके किसी ने भी पहल नहीं की। नतीजतन, नगर पालिका ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि नीमच छावनी क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम मार्ग पर सीसी रोड निर्माण प्रस्तावित था और अब उसका कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई है। यदि गुमटी धारक अब भी सहयोग नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि वर्षों से सड़क पर कब्जा जमाए बैठे गुमटी मालिकों पर अब नकेल कसी जा रही है। मुक्तिधाम पहुंचने वाले मार्ग पर अतिक्रमण के कारण न केवल आवागमन में परेशानी होती थी बल्कि सड़क भी संकरी हो गई थी।अब सीसी रोड बनने से नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।नगर पालिका की सख्त कार्यवाही और सड़क निर्माण की शुरुआत ने साफ संकेत दे दिए हैं कि शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।