ताजासमाचार

सीसीटीवी फुटेज के बावजूद चोरी के आरोपी गिरफ्त से बाहर, पीड़ित ने कलेक्टर-एसपी से लगाई गुहार

डेस्क न्यूज़ 09 September, 2025 अन्य

नीमच। केंट थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात के 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। स्कीम नं. 07 नई आबादी निवासी नरेश पिता बाबूलाल ग्वाला के घर 31 अगस्त को दिनदहाड़े चोरी हुई थी। उस दिन नरेश और उनकी पत्नी मजदूरी पर गए हुए थे, घर पर उनकी बेटी कोमल अकेली थी। कोमल ने बताया कि करीब 11:50 बजे कोई अज्ञात व्यक्ति पीछे से खुले दरवाजे से घर में घुस आया और सोने का हार डेढ़ तोले का, एक तोले की झुमकी, सोने की बालियां, 150 ग्राम चांदी की पायजब, चांदी की बिछिया तथा करीब 40 हजार रुपए नगद चोरी कर ले गया।पीड़ित ने बताया कि घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में सलवार सूट पहने एक लड़की घर में प्रवेश करती हुई स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। संबंधित वीडियो और फोटो 31 अगस्त को ही पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए थे। बावजूद इसके न तो प्रकरण दर्ज किया गया और न ही आरोपियों पर कोई कार्रवाई हुई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपी अब तक खुलेआम घूम रहे हैं। नरेश ग्वाला ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो चोरी का माल वापस पाना मुश्किल हो जाएगा । इस संबंध में पीड़ित परिवार ने मंगलवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया और जल्द से जल्द चोरी का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।

Related Post