ताजासमाचार

नीमच में संभाग स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, नीमच की टीमों ने किया शानदार प्रदर्शन

डेस्क न्यूज़ 02 September, 2025 अन्य

नीमच। संभाग स्तरीय फुटबॉल 17 व 14 वर्ष बालक/बालिका वर्ग प्रतियोगिता का दो दिवसीय आयोजन 1 सितंबर से शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 नीमच में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी सुजानमल मांगरिया, क्रीड़ा अधिकारी ओमप्रकाश बंसल, मति सावित्री मालवी, सह संयोजक भरत सिंह कुमावत व व्यायाम शिक्षकों की उपस्थिति में हुआ।सह संयोजक भरत सिंह कुमावत ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के सातों जिले—नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर मालवा, देवास सहित अन्य जिलों की टीमें शामिल हुईं। सभी खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था नीमच में की गई थी तथा मैच क्रमांक 2 विद्यालय के खेल मैदान पर खेले गए।पहले दिन 17 वर्ष वर्ग के मुकाबले हुवे। बालक वर्ग के फाइनल में नीमच और देवास आमने-सामने हुए। रोमांचक मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा, जिसमें नीमच ने 5-3 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में नीमच ने शाहजहांपुर को 1-0 से हराकर विजय हासिल की।दूसरे दिन 14 वर्ष वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग में नीमच और देवास की टीम भिड़ीं, जिसमें नीमच ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत दर्ज की। वहीं बालक वर्ग में रतलाम और नीमच के बीच फाइनल मुकाबला शाम तक खेला जा रहा था, जिसका परिणाम खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्सुकता का विषय बना रहा।दो दिनों तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, जोश और खेल भावना का परिचय दिया। नीमच की टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर मेजबानी के साथ-साथ जीत का परचम भी लहराया।

Related Post