ताजासमाचार

नीमच में खूनी मगरमच्छ का आतंक! ग्रामीण पर जानलेवा हमला, मासूम बच्चा घायल — लाठी-डंडों से भिड़े लोग, धनगर समाज के युवाओं ने दिखाया साहस, तस्वीरों से दहला दिल

डेस्क न्यूज़ 31 August, 2025

नीमच। रविवार अलसुबह ग्राम पंचायत थड़ोली के हनुमंतिया व्यास गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक विशाल और खूंखार मगरमच्छ अचानक ग्रामीण आबादी में घुस आया। यह खौफनाक दृश्य तब और भयावह बन गया जब मगरमच्छ ने गांव के 55 वर्षीय मोहनलाल सुथार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमले की चपेट में एक चार साल का मासूम बच्चा भी आ गया, जो मगरमच्छ से बचते समय जख्मी हो गया। दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर निगरानी बनाए हुए हैं।


 दहशत में गांव — मगरमच्छ को घेरने भीड़ उमड़ी

हमले के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, लोग चीखते-चिल्लाते बाहर निकल आए। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मगरमच्छ की आक्रामकता को देखते हुए ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उसकी घेराबंदी में जुट गए।


धनगर समाज के युवाओं ने संभाला मोर्चा

राहत कार्य में धनगर समाज के युवाओं ने अदम्य साहस दिखाया।
जनपद अध्यक्ष मदनलाल धनगर, धर्मेंद्र धनगर, संदीप धनगर सहित कई स्थानीय नेता और समाजसेवी मौके पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को लीड किया।

 वन विभाग की टीम पहुंची, मगरमच्छ को किया काबू

घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सी और जाल की मदद से काबू में लिया गया। इसके बाद विभाग ने उसे अपने कब्जे में लेकर जंगल क्षेत्र में सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई की ।

Related Post