ताजासमाचार

एक्सक्लूसिव न्यूज : जावद जेल में कैदियों का अपना रेडियो स्टेशन, फरमाइश पर बजते हैं गाने जावद जेल का नया प्रयोग : कैदी बने RJ, फरमाइश पर सुनाएंगे गीत जेलर अंशुल गर्ग की पहल

पंकज मलिक 29 August, 2025 प्रशासनिक

(नीमच) पंकज मलिक जिले की जावद जेल में कैदियों के लिए एक अनोखी और प्रेरणादायी पहल की गई है। यहां रेडियो स्टेशन जैसा मॉडल स्थापित किया गया है, जिसका संचालन खुद कैदी करेंगे।

इस व्यवस्था में सभी बंदी अपनी पसंद के गीतों की फरमाइश चिट्ठी के जरिए भेज सकते हैं। इसके बाद कंप्यूटर पर यूट्यूब से चयनित गीतों को पूरे जेल परिसर में लगे स्पीकरों से प्रसारित किया जाता है।

इस नवाचार का उद्देश्य कैदियों की मानसिक स्थिति को सकारात्मक बनाए रखना और उनमें सुधार की भावना को प्रोत्साहित करना है। यह प्रयोग जावद जेलर अंशुल गर्ग की पहल पर शुरू किया गया है।
जेलर अंशुल गर्ग ने बताया कि यह शुरुआत आध्यात्मिक शिक्षा और संगीत से बंदी सुधार हेतु पहल नवनिर्मित बंदी सुधारगृह अधिनियम से प्रेरित है।
 हमने इस जेल रेडियो स्टेशन का नाम "नवधारा जेल वाणी" रखा है।हमारा प्रयास है कि मनपसंद संगीत के माध्यम से कैदियों का मानसिक विकास हो वे यहां तनावमुक्त रहे और अपना सुधार करे। भक्ति संगीत और भजन भी उनकी फरमाइश पर चलाए जाते है जिससे उनके जीवन में पर्याप्त सुधार हो।

इस मॉडल का उद्घाटन स्पेशल डी जी जेल अखेतो सेमा ने अपने निरीक्षण दौरे के दौरान किया। इस अवसर पर सर्किल जेल अधीक्षक लक्ष्मण भदौरिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस पहल से कैदियों को न केवल मनोरंजन का साधन मिला है, बल्कि उनके जीवन में उत्साह और मानसिक शांति का नया माहौल भी बना है।

Related Post