ताजासमाचार

कनावटी जेल का डीजी जेल और सर्कल अधीक्षक ने किया आकस्मिक निरीक्षण, कैदियों से चर्चा, सुरक्षा और व्यवहार की तैयार हुई रिपोर्ट, जानिए पूरा मामला

डेस्क न्यूज़ 28 August, 2025 प्रशासनिक

नीमच। राज्य के स्पेशल डीजी जेल अखेतो सेमा एवं सर्किल जेल अधीक्षक  लक्ष्मण भदौरिया ने गुरुवार को जिला जेल नीमच का अकस्मात निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर का संपूर्ण निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी स्थिति को समझने का प्रयास किया।

निरीक्षण के दौरान जिला जेल नीमच के अधीक्षक नारायण सिंह राणा भी मौजूद रहे, जिन्होंने जेल में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों को दी। श्री राणा द्वारा प्रस्तुत विवरण एवं व्यवहारिक निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाएं—जैसे सुरक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुधारात्मक गतिविधियाँ—पूर्णतः सुव्यवस्थित पाई गईं।

उच्च अधिकारियों ने जेल प्रशासन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नीमच जिला जेल ने नियमों और मानवाधिकारों का पालन करते हुए बंदियों को बेहतर सुविधा प्रदान की है। उन्होंने यह भी कहा कि "ऐसी पारदर्शिता और अनुशासन अन्य जेलों के लिए भी अनुकरणीय है।"

निरीक्षण के दौरान स्पेशल डीजी अखेतो सेमा एवं सर्किल जेल अधीक्षक  लक्ष्मण भदौरिया ने बंदियों से अलग-अलग समूहों में मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। अधिकांश बंदियों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को संतोषजनक बताया और सुधारात्मक प्रयासों की भी सराहना की।

निरीक्षण के पश्चात श्री सेमा ने कहा, “जेलें केवल दंड देने का नहीं, बल्कि सुधार का केंद्र हैं। नीमच जिला जेल इस दिशा में बेहतर कार्य कर रहा है।”

इस अवसर पर जेल स्टाफ के अन्य अधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी भी उपस्थित रहे। यह आकस्मिक निरीक्षण जेल की पारदर्शिता, अनुशासन और बंदियों के कल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Related Post