न्यूज डेस्क
23 August, 2025
सामाजिक
नीमच। आगामी गणेश उत्सव एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार शाम थाना नीमच सिटी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, थाना प्रभारी विकास पटेल सहित समस्त थाना स्टाफ तथा शहर के गणमान्य नागरिक, समिति सदस्य एवं आयोजनकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में गणेश प्रतिमा स्थापना, चल समारोह, विसर्जन मार्ग, ध्वनि नियंत्रण, विद्युत व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और साफ-सफाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही, समिति सदस्यों से सुझाव आमंत्रित कर समन्वय के साथ त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई।
सीएसपी किरण चौहान ने कहा कि सभी आयोजक समय से प्रशासन को जानकारी दें और निर्धारित नियमों का पालन करें ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद से बचा जा सके। थाना प्रभारी विकास पटेल ने भी लोगों से अपील की कि त्योहारों में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
समिति सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देंगे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।