ताजासमाचार

नीमच में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, एक की दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम

डेस्क न्यूज़ 17 July, 2026 अन्य

नीमच। बघाना थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रोज की तरह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे एक निजी कर्मचारी की हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद परिजनों ने समय पर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार चीताखेड़ा निवासी कन्हैयालाल प्रजापति (47) पिता फूलचंद प्रजापति नीमच स्थित अशोका इलेक्ट्रिकल पर कार्यरत थे। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे वह अपनी हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल (एमपी-44 एमएन-7522) से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान झांझरवाड़ा और सोनियाना के बीच सामने से आ रही मोटरसाइकिल (एमपी-44 एमएस-4685) से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कन्हैयालाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि घायल को समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका। उनका कहना है कि यदि दुर्घटना के तुरंत बाद तेजी से चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाती तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।

बघाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों वाहनों की टक्कर के कारणों और घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

Related Post