न्यूज डेस्क
19 August, 2025
सामाजिक
नीमच। 69वीं शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत उज्जैन संभाग स्तरीय जूडो बालक-बालिका 14, 17 एवं 19 वर्ष क्रीड़ा प्रतियोगिता का सफल आयोजन 18 अगस्त 2025 को वात्सल्य भवन, नीमच में किया गया। प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के अंतर्गत आने वाले नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर एवं आगर मालवा जिलों की चयनित टीमों के लगभग 300 खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों में शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी नीमच सुजानमल मांगरिया, सहायक संचालक खेल उज्जैन संभाग रामसिंह बनिहार, संयोजक प्राचार्य ओ.पी. बंसल, जिला खेल अधिकारी श्रीमती सावित्री मालवीय एवं मुख्य निर्णायक भरतसिंह कुमावत की उपस्थिति में हुआ।नीमच जिला टीम ने प्रशिक्षक भरतसिंह कुमावत के मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन किया। 46 खिलाड़ियों की नीमच टीम ने विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों में भाग लेते हुए 11 वर्गों में स्वर्ण और 31 वर्गों में रजत पदक जीतकर ओवरऑल चैम्पियनशिप अपने नाम की। इस उपलब्धि के साथ नीमच ने पुनः उज्जैन संभागीय जूडो चैम्पियन बनने का खिताब बरकरार रखा। प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
नीमच के विजेता खिलाड़ी इस प्रकार रहे –
14 वर्ष वर्ग में माहिम (35 किग्रा), रिद्धि राठौर (32 किग्रा), पहल जैन (44 किग्रा)
17 वर्ष वर्ग में अब्बास (66 किग्रा), गुलशन (73 किग्रा), गुनगुन यादव (63 किग्रा), वैष्णवी चौहान (70 किग्रा)
19 वर्ष वर्ग में आजाद वर्मा (66 किग्रा), काजल सालवी (36 किग्रा), वंशीका नागलोद (48 किग्रा), रैबैका (70 किग्रा)।
प्रतियोगिता में मुख्य निर्णायक की भूमिका भरतसिंह कुमावत ने निभाई, वहीं सहायक निर्णायक तृषिता सोलंकी, भावना सोलंकी, पूजा कुमावत, दक्ष मांगरिया, कमलेश नागदा, अश्विनी सिंह, खुबी देपन एवं ईशा रावल रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में व्यायाम शिक्षकों वैकटेश्वर जाट, अजय नागौरी, रेखा कुमावत, परवेज मंसुरी, भारतसिंह परिहार, मानसिंह, करणसिंह परिहार, युवराज सिंह एवं डोमनिक तिग्गा का योगदान सराहनीय रहा।नीमच के 11 स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी अब आगामी राज्य स्तरीय शालेय जूडो प्रतियोगिताओं में उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें 14 एवं 17 वर्ष वर्ग की प्रतियोगिता 8 से 11 सितम्बर 2025 तक गुना में तथा 19 वर्ष वर्ग की प्रतियोगिता 7 से 11 नवम्बर 2025 तक नीमच में आयोजित की जाएगी।