डेस्क न्यूज
19 August, 2025
सामाजिक
नीमचI यदि हम अपनी दिनचर्या और खान पान में नियमितता अपना लें तो हम बीमार पड़ने से बच सकते हैं | आरोग्य भारती का उद्देश्य भी यही है कि हम स्वस्थ रहें और हमें कभी अस्पताल जाना ही न पड़े | यह बात आरोग्य भारती के मालवा प्रान्त के अध्यक्ष डॉ. विष्णुसेन कछावा ने बालाजी मंदिर सेवा समिति थड़ोली द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कही | आपने इस अवसर पर स्वस्थ जीवन शैली, व्यायाम का महत्व, आहार के नियम, विरुद्ध आहार की जानकारी, व्यसन से दूरी, तनावरहित जीवन, पारिवारिक संस्कार, नागरिक अनुशासन, मोबाइल एवं इन्टरनेट का सदुपयोग आदि पर उपयोगी जानकारी दी| कार्यक्रम का प्रारम्भ भगवान धन्वन्तरी की पूजन व वन्दना से हुआ| आरोग्य भारती मालवा प्रान्त अध्यक्ष डॉ. विष्णु सेन कछावा, प्रांत सहसचिव डॉ.आशीष जोशी, नीमच जिला अध्यक्ष अजय भटनागर, नगर अध्यक्ष पारस जैन और सचिव प्रो.आशीष सोनी का स्वागत थड़ोली ग्राम के सरपंच गोपाल मीणा, बालाजी सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील प्रजापति, सचिव रवि चौहान, विनोद पटवारी, मदनलाल धनगर व पंचायत सचिव राजमल कछावा आदि ने किया |
कार्यक्रम के प्रारम्भ में स्वागत भाषण देते हुए आरोग्य भारती नीमच के जिला अध्यक्ष अजय भटनागर ने बालाजी मंदिर सेवा समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के लिए किये जा रहे कार्यों की सराहना की और आरोग्य भारती को प्रथमोपचार पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आमंत्रित करने पर धन्यवाद दिया |
आरोग्य भारती के प्रथमोपचार प्रांत प्रभारी और सहसचिव डॉ.आशीष जोशी ने स्वस्थ जीवन शैली पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उपस्थित ग्राम वासियों को संवाद के माध्यम से बीमारियों और आकस्मिक दुर्घटना के समय प्राथमिक उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी |
आरोग्य भारती के सचिव प्रो.आशीष सोनी ने सीपीआर प्रशिक्षण के माध्यम से सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) पर प्रेरक उद्बोधन में बताया कि हृदय गति या सांस रुकने जैसी आपातकालीन परिस्थिति में किस प्रकार सीपीआर तकनीक से तुरंत सहायता देकर किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इस दौरान ग्रामीणों को मैनिक्विन मॉडल पर तकनीक का लाइव डेमो दिखाया गया और उनका अभ्यास भी करवाया।
आरोग्य भारती नगर अध्यक्ष पारस जैन कोलकाता वाला ने औषधीय पौधों का रोपण करने एवं पौधों की रक्षा करने के लिए ग्राम के युवाओं को हार्दिक धन्यवाद दिया |
कार्यक्रम के पश्चात अमलतास, पीपल, सहजन, करंज, मीठा नीम, बहेड़ा आदि लगभग 20 प्रजाति के औषधीय पौधों का रोपण किया गया |
पोधारोपण में उपस्थित ग्राम वासियों एवं जैन सोशल ग्रुप क्लासिक नीमच के सदस्यों सुलोचना जैन, सुशीला डूंगरवाल, राजेश धींग, अनील विनायका व सुरेन्द्र डूंगरवाल आदी की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का संचालन ओम प्रकाश चौधरी ने किया तथा आभार बालाजी सेवा समिति के कोषाध्यक्ष लोकेश कारपेंटर ने व्यक्त किया |