न्यूज डेस्क
07 August, 2025
सामाजिक
नीमच। मूलचंद मार्ग स्थित इमामबाड़े पर गुरुवार को मुस्लिम इंतजामिया कमेटी एवं पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।शिविर में सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग लाभ लेने पहुंचे। चिकित्सा शिविर में नेत्र रोग, जनरल मेडिसिन, चर्म रोग, ईएनटी (नाक-कान-गला), दंत चिकित्सा, हड्डी रोग, वक्ष एवं श्वसन रोग विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं दीं। मरीजों की बारीकी से जांच की गई और उन्हें समुचित परामर्श के साथ निशुल्क दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।शिविर की विशेष बात यह रही कि जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, उनके ऑपरेशन भी पेसिफिक हॉस्पिटल द्वारा पूरी तरह निशुल्क किए जाने की घोषणा की गई। इससे अनेक गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को राहत की उम्मीद मिली है।मरीजों ने चिकित्सा सेवाओं को अत्यंत संतोषजनक बताया और डॉक्टरों तथा आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। आयोजन के दौरान कमेटी के सदस्य व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से जुटे रहे। शिविर में महिला एवं पुरुषों की अलग-अलग जांच व्यवस्था की गई थी, जिससे हर वर्ग को सुविधा मिल सके।मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदस्यों ने बताया कि समाजहित में इस तरह के शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति सिर्फ आर्थिक तंगी की वजह से इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने पेसिफिक हॉस्पिटल का आभार जताते हुए कहा कि उनकी सहभागिता से यह शिविर अत्यधिक प्रभावी और सफल रहा।शिविर के समापन पर आयोजकों द्वारा डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। समाजसेवियों ने इसे एक अनुकरणीय पहल बताया और कहा कि इस तरह के शिविर सामाजिक दायित्व के निर्वहन का सशक्त उदाहरण हैं।