ताजासमाचार

नगरपालिका कर्मचारी संघ ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन – शांतिबाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग

न्यूज डेस्क 05 August, 2025 प्रशासनिक

नीमच। नगरपालिका नीमच कर्मचारी महासंघ ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर शांतिबाई लोठ के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि दिनांक 4 अगस्त को शाम 5 से 5:30 बजे के बीच शांतिबाई, निवासी राजीव नगर, ने नगरपालिका के सामान्य प्रशासन शाखा में प्रवेश कर कर्मचारी हेमंत मैनारिया से मारपीट की कोशिश की और उन्हें गवाही देने से रोकने के लिए जान से मारने की धमकी दी।घटना के दौरान शांतिबाई ने मैनारिया का गला पकड़ा और उन्हें गालियां दीं। हालात इतने बिगड़ गए कि पार्षद किरण शर्मा और कर्मचारी ममता चड्डा को बीचबचाव करना पड़ा। संघ का कहना है कि यदि समय रहते रोकथाम नहीं होती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।ज्ञापन में बताया गया कि इससे पूर्व 20 फरवरी को भी शांतिबाई द्वारा लोक निर्माण शाखा में तोड़फोड़ और मारपीट की गई थी, जिसकी रिपोर्ट केंट थाना में दर्ज है।बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है, जिससे उनका मनोबल और बढ़ता जा रहा है। शांतिबाई आए दिन कर्मचारियों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देती हैं और प्रकरण वापस लेने के लिए दबाव बनाती हैं।कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शांतिबाई पर शीघ्र प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई और उनका नगरपालिका परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित नहीं किया गया, तो समस्त अधिकारी व कर्मचारी आंदोलन और सामूहिक अवकाश लेने के लिए विवश होंगे।कर्मचारी संघ ने शांतिबाई के लगातार अभद्र व्यवहार से कर्मचारियों में भय का माहौल बताया है और कहा है कि इससे कामकाज प्रभावित हो रहा है। संघ ने कलेक्टर से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कठोर कदम उठाने की मांग की है।

Related Post