ताजासमाचार

सिंगोली पुलिया ओवरफ्लो - दो किलोमीटर लंबा जाम, कोटा - नीमच मार्ग हुआ बाधित - लगातार उफान पर पुलिया

डेस्क न्यूज़ 31 July, 2025 अन्य

नीमच। जिले के कोटा-नीमच मुख्य मार्ग पर सिंगोली के समीप स्थित ताल पुलिया गुरुवार सुबह भारी बारिश के कारण ओवरफ्लो हो गई। पुलिया से पानी बहने के कारण प्रशासन ने एहतियातन मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग डेढ़ किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।सुबह से ही वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग बारिश के बीच अपने वाहनों में फंसे रहे।परिवर्तित मार्ग से स्कूल बसें आती जाती नजर आई। यात्री बसें भी जाम में फंसी रहीं, जिससे स्थिति और भी अधिक विकट हो गई।मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने तत्काल मार्ग को दोनों ओर से बंद कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। पुलिस और प्रशासन ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मार्गों की हालत खराब होने से राहत कम ही मिल सकी।स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह समस्या हर साल बारिश के मौसम में आती है। ओवरफ्लो की स्थिति में मार्ग अवरुद्ध हो जाता है, जिससे लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सोंगोली की इस ताल पुलिया को ऊंचा और चौड़ा बनाया जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान भी आवागमन बाधित न हो।गौरतलब है कि यह मार्ग कोटा,सिंगोली, नीमच और मध्यप्रदेश-राजस्थान को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जिस पर भारी वाहनों की आवाजाही भी बनी रहती है। ऐसे में पुलिया की ऊंचाई और मजबूती बढ़ाना जनहित में आवश्यक है

Related Post