ताजासमाचार

मामला सीएम राईज स्कूल का - फिर स्कूल बस के चक्के हो सकते है जाम , बस संचालकों के बाद अब ड्राइवर - अटेंडर करेंगें हड़ताल

डेस्क न्यूज़ 29 July, 2025 प्रशासनिक

नीमच। शहर के प्रमुख स्कूलों में शुमार संदीपनि सीएम राइन विद्यालय की बस सेवाएं 1 अगस्त से ठप हो सकती हैं। स्कूल बस चालकों और अटेंडरों ने दो माह से वेतन नहीं मिलने और पीएफ जमा न होने को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने जनसुनवाई में अपना हस्तलिखित आवेदन प्रस्तुत करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 31 जुलाई तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 1 अगस्त से सभी बस सेवाएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी।आवेदन में कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से विद्यालय की बस सेवाएं सुचारू रूप से चला रहे हैं, लेकिन बीते दो माह से वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा, उनके पीएफ की राशि भी खातों में जमा नहीं की जा रही है। सबसे अहम बात यह है कि उन्हें कलेक्टर दर के अनुसार वेतन नहीं मिल रहा, जिससे उनका भरण-पोषण करना कठिन हो गया है।बस चालकों और अटेंडरों ने मांग की है कि उन्हें नियमित वेतन के साथ कलेक्टर दर के अनुसार भुगतान किया जाए और पीएफ की राशि भी तत्काल उनके खातों में डाली जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो 1 अगस्त से सभी स्कूल बसें नहीं चलेंगी।गौरतलब है कि इससे पहले बस मालिकों ने भी भुगतान नहीं मिलने की स्थिति में हड़ताल कर बसें बंद कर दी थीं,जिससे अभिभावकों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब यदि ड्राइवर और अटेंडर भी हड़ताल पर जाते हैं, तो स्कूलों की व्यवस्थाएं फिर से चरमरा सकती हैं।प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन को जल्द से जल्द समाधान की दिशा में पहल करनी होगी,ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।

Related Post