डेस्क न्यूज़
29 July, 2025
सामाजिक
नीमच। तहसील जावद के ग्राम चक ब्लॉक पंचायत रामनगर / सुठोली के ग्रामीणों ने गांव की मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामवासियों का कहना है कि वे पिछले 200 वर्षों से इस गांव में निवास कर रहे हैं और गांव की आबादी लगभग 2000 है, जिसमें अधिकतर अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोग निवास करते हैं।उन्होंने बताया कि गांव की मुख्य सड़क आज तक कच्ची है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं, क्योंकि सड़क के बीचोंबीच एक बरसाती नाला बहता है, जिससे स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामवासियों ने मांग की है कि इस कच्ची सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पक्की करवाई जाए। रामनगर से कनेरा (राजस्थान) जाने वाले मुख्य मार्ग से गांव की दूरी मात्र 500 मीटर है, जिससे सड़क को मेन रोड से जोड़ना व्यावहारिक एवं तर्कसंगत होगा।ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगी। इस आंदोलन को आम आदमी पार्टी का भी समर्थन प्राप्त हुआ है। ग्रामीणों द्वारा यह ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा गया, जिसमें उन्होंने शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।