ताजासमाचार

बोल बम के जयघोष के साथ निकली 23वीं कावड़ यात्रा, आस्था पर भारी नहीं पड़ी तेज बारिश

डेस्क न्यूज़ 27 July, 2025 सामाजिक

नीमच। शिवभक्ति की अलौकिक अनुभूति और श्रद्धा का उमंग भरा दृश्य रविवार को नीमच में देखने को मिला, जब विजिया मित्र मंडल द्वारा आयोजित 23वीं पैदल कावड़ यात्रा नीमच से नीलकंठ महादेव बोरखेड़ी तक भव्य रूप में निकाली गई। तेज बारिश भी शिवभक्तों की आस्था को डिगा न सकी। हर-हर महादेव, बोल बम और ओम नम: शिवाय के जयघोषों से शहर गुंजायमान हो उठा।कावड़ यात्रा की शुरुआत बावड़ी वाले बालाजी मंदिर से सुबह 7 बजे अमृत जल पूजन के साथ हुई। यात्रा सुबह 8 बजे खाटू श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर श्रीराम मंदिर, घंटाघर, बड़े बालाजी मंदिर, रोडवेज बस स्टैंड, पिपली चौक होते हुए विवेकानंद कॉलेज चौराहा पहुंची, जहां श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद यात्रा लक्ष्मी मंगल वेयरहाउस होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंची।दोपहर 12 बजे भगवान भोलेनाथ का विधिवत अभिषेक कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। 12:15 बजे भजन संध्या का आयोजन हुआ,जिसमें भजन गायक राजेश खन्ना चौधरी ने महादेव महिमा से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।दोपहर 1 बजे महाप्रसादी वितरण के साथ यात्रा का समापन हुआ। कावड़ यात्रा में नीमच तहसील के विभिन्न गांवों से आए कांवड़ियों ने अपनी कावड़ों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे,हिमालय, कैलाश पर्वत,अमरनाथ शिवलिंग आदि की झांकियों से सजाया। कई भक्त धनुष-बाण और त्रिशूल लेकर पैदल चले, वहीं दो कांवड़ियों ने 101-101 किलो जल की पाँच-पाँच मटकों की लहर बनाकर अपने संकल्प से सबको चकित कर दिया।पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया। आयोजकों की बेहतर व्यवस्था और भक्तों की उमंग ने इसे एक भव्य धार्मिक उत्सव में परिवर्तित कर दिया। गौरतलब है कि यह यात्रा बीते 22 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है और इस बार भी भक्ति, सेवा और समर्पण का अनुपम उदाहरण बनी।

Related Post