डेस्क न्यूज़
25 July, 2025
सामाजिक
नीमच। शहरवासियों की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस वर्ष नीमच का पारंपरिक राखी बाजार दशहरा मैदान में सजाया जाएगा। पूर्व में यह बाजार टेगोर मार्ग पर लगता था, लेकिन ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने इसे नई जगह स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। आगामी रक्षाबंधन और गणेश चतुर्थी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बदलाव को कारगर बताया है।एसडीएम संजीव साहू के निर्देश पर शुक्रवार को तहसीलदार एवं नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने दशहरा मैदान का निरीक्षण किया और बाजार की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टाक, राजस्व अधिकारी टेकचंद मुनकर, कन्हैयालाल शर्मा, महावीर जैन सहित नगर पालिका के कई कर्मचारी भी उपस्थित रहे।सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि पूर्व में दीपावली के लिए भी अस्थाई बाजार दशहरा मैदान में लगाया गया था, जिसकी व्यवस्था काफी सफल रही थी। न सिर्फ नागरिकों को सभी जरूरी सामान एक ही स्थान पर मिला, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी बाधित नहीं हुई। उसी सफलता को ध्यान में रखते हुए इस बार राखी बाजार भी यहीं स्थापित किया जा रहा है।नगर पालिका द्वारा मैदान में दुकानें चिन्हित कर व्यवस्थित रूप से स्थान आवंटन किया जाएगा। इसके लिए गोटी सिस्टम अपनाया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश और साफ-सफाई जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं भी नगर पालिका द्वारा उपलब्ध करवाई जाएंगी।यह निर्णय न सिर्फ शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि नागरिकों और दुकानदारों दोनों के लिए यह बाजार एक सुलभ, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थल साबित होगा। राखी बाजार के लिए अस्थाई रूप से दुकान लगाने के इच्छुक व्यापारी नगर पालिका में आवेदन कर सकते हैं। आने वाले दिनों में नगर पालिका द्वारा स्थल पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिससे त्योहार का उत्सव सहज और आनंददायक हो सके।