डेस्क न्यूज़
22 July, 2025
सामाजिक
नीमच।श्रावण मास के पावन अवसर पर मंगलवार को कुबरेश्वर महिला मंडल बगीचा नंबर 10 एवं 13 के संयुक्त तत्वावधान में 5 वीं विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन भव्यता से किया गया। यह कावड़ यात्रा विगत 5 वर्षों से श्रावण मास में नियमित रूप से निकाली जा रही है, जिसमें शहर के शिवभक्त बड़ी संख्या में शामिल होकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं।कावड़ यात्रा का शुभारंभ शहर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री किलेश्वर महादेव मंदिर से हुआ, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात् ढोल-ढमाकों और भक्ति संगीत से सजे डीजे की धुनों पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ यात्रा आरंभ की। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी भी देखने को मिली।यात्रा गुरुद्वारा चौराहा, विजय टॉकीज चौराहा, 40 नंबर चौराहा, टैगोर मार्ग, कमल चौक, फवारा चौक, रोडवेज बस स्टैंड होते हुए मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुची।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने "बोल बम", "हर-हर महादेव" के जयघोषों से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।गंतव्य स्थल मुक्तेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के पश्चात सभी कावड़ यात्रियों ने भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक किया। इस धार्मिक आयोजन में लगभग 251 कावड़ यात्रियों की सहभागिता रही। आयोजन की सफलता हेतु कुबरेश्वर महिला मंडल की सदस्यों ने आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था को जिम्मेदारीपूर्वक संभाला।श्रद्धालुओं की सहभागिता और भक्ति भावना ने इस आयोजन को एक दिव्य और प्रेरणादायी रूप प्रदान किया।