डेस्क न्यूज़
15 July, 2025
प्रशासनिक
नीमच।जिले के डिकेन गांव की भील समाज की महिलाओं ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में अपनी जमीन को बचाने की भावुक अपील की। महिलाओं का कहना है कि वे पिछले कई दशकों से एक कृषि भूमि पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं, लेकिन अब भू-माफियाओं की नजर उस जमीन पर पड़ गई है।वरजू बाई सहित कई आदिवासी महिलाओं ने बताया कि वे वर्षों से डिकेन गांव की इस जमीन पर तिल जैसी फसलें बोकर जीवन यापन कर रही हैं। जमीन उनके कब्जे में है, लेकिन दस्तावेजी अधिकार नहीं होने के चलते अब भूमि दलाल उन्हें धमकाकर जमीन खाली करवाने की धमकी दे रहे हैं।महिलाओं का कहना है कि दलाल पटवारी और राजस्व अधिकारियों से सांठगांठ कर कब्जा हटवाने की कोशिश कर रहे हैं डरी-सहमी महिलाओं ने जनसुनवाई में कलेक्टर से गुहार लगाई कि वे संबंधित पटवारी व तहसीलदार से रिपोर्ट मंगवाएं और उनके कब्जे की पुष्टि कर जल्द से जल्द उन्हें पट्टा जारी करने का आदेश दें। वरजू बाई ने कहा कि अगर जमीन छिन गई, तो उनके सामने भूखों मरने की नौबत आ जाएगी।