न्यूज डेस्क
06 July, 2025
सामाजिक
नीमच। श्री वैष्णव बैरागी समाज द्वारा नीमच टाउन हॉल में अपने प्रथम प्रतिभा सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करना एवं नवगठित कार्यकारिणी को उनके दायित्वों के लिए शपथ दिलाना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा शामिल हुए।समारोह की गरिमा संत लक्षानंद जी वैष्णव (अल्हेड़ वाले), भागवताचार्य सुश्री जयमाला वैष्णव (नीलिया) और राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश वैष्णव की विशेष उपस्थिति से और बढ़ गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतिभा सम्मान रहा, जिसमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 60% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 80 विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।इसके साथ ही समाज की नवगठित कार्यकारिणी को विधिवत रूप से शपथ दिलाई गई। इस दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों ने समाज सेवा व संगठन की मजबूती के संकल्प लिए।
समारोह में जिला अध्यक्ष नरेंद्र बैरागी ने संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज की भावी पीढ़ी को प्रोत्साहित करने का एक प्रयास है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक और प्रेरणादायी आयोजनों को निरंतर जारी रखेगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिले भर से वैष्णव बैरागी समाज के सदस्य, महिलाएं, युवा एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभावशाली रहा और सभी ने आयोजन की सराहना की।इस आयोजन ने समाज को एक नई ऊर्जा और दिशा देने का कार्य किया।