न्यूज डेस्क
26 June, 2025
नीमच।जिले के जावद थाने के सरवानियां महाराज पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोड़ी में बुधवार शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के किचन में लाश मिली। मृतक की पहचान पिंटू उर्फ विश्वराज सिंह सिसोदिया (उम्र 35 वर्ष), पिता मेहताब सिंह सिसोदिया निवासी मोड़ी के रूप में हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के निवास स्थान पर एकत्र हो गए। सूचना पर चौकी प्रभारी श्याम कुमावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही पुष्कर नागदा और गोपाल पाटीदार भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण कर मर्ग कायम किया।पुलिस ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर शव को सिविल अस्पताल भेजा, जहां गुरुवार सुबह चिकित्सकों की पैनल टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। इसके पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना को लेकर मृतक के भतीजे भानु प्रताप ने गंभीर आरोप लगाए हैं। भानु प्रताप का कहना है कि बुधवार रात करीब 11 बजे उसने अपने अंकल विश्वराज को देखा था। उसी रात मृतक की पत्नी, ससुर, साली और उनके बच्चे घर आए थे और सुबह जल्दी रवाना हो गए। परिजनों के अनुसार, कुछ समय पूर्व विश्वराज ने एक जमीन का सौदा किया था, जिससे उसे करीब 40 से 45 लाख रुपए प्राप्त हुए थे। परिजनों का आरोप है कि उसकी पत्नी और ससुर के आने के बाद ही उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है। मृतक के सिर और शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। गंभीर बात यह है कि घटनास्थल से मृतक का मोबाइल और उक्त जमीन सौदे की रकम गायब बताई जा रही है। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है और मृतक की पत्नी, ससुर एवं साली पर कार्रवाई की मांग की है। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।