डेस्क न्यूज
21 June, 2025
सामाजिक
नीमच। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नीमच जिला तैराकी संघ द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जल में योगाभ्यास अर्थात वाटर योगा कराया गया। यह कार्यक्रम ज्ञानोदय स्विमिंग पूल परिसर में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में तैराकों, प्रशिक्षकों और योग प्रेमियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी, वरिष्ठ पदाधिकारी राजेश वर्मा, मोहनसिंह व राकेश बंसल सहित संघ के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने जल में योगाभ्यास कर शरीर और मन को संयमित करने की भारतीय परंपरा को आत्मसात किया। वाटर योग की विशेषता यह रही कि इसमें तैराकों ने पानी में रहकर प्राणायाम, ध्यान एवं आसनिक मुद्राएं कीं। प्रशिक्षकों ने बताया कि जल में योग करने से शरीर पर दबाव कम पड़ता है और संतुलन बेहतर होता है, जिससे सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए यह एक सुरक्षित और प्रभावी अभ्यास बनता है। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के साथ जल संरक्षण और तैराकी को भी बढ़ावा देना था। जिला तैराकी संघ के इस अभिनव प्रयास की सभी उपस्थितजनों ने सराहना की। स्वास्थ्य के लिए जागरूक नागरीकों द्वारा योग दिवस पर यह आयोजन खेल, स्वास्थ्य और योग को प्रेरित करने वाला आयोजन रहा ।