ताजासमाचार

नीमच में नवागत सीएमओ दुर्गा बामनिया ने किया पदभार ग्रहण, जन सहयोग से शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने का लक्ष्य

डेस्क न्यूज 19 June, 2025 प्रशासनिक

नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच में नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दुर्गा बामनिया ने पदभार ग्रहण कर लिया है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने नगर पालिका कार्यालय का निरीक्षण किया और स्टाफ के साथ बैठक कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था, विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को लेकर चर्चा की। साथ ही नपाध्यक्ष और पार्षदों से अध्यक्ष कक्ष में मुलाकात कर नगर हित की प्राथमिकताओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर सीएमओ दुर्गा बामनिया ने कहा कि मैंने आज नीमच नगर पालिका में सीएमओ का कार्यभार ग्रहण किया है। हमारा उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदेश स्तर पर बेहतर बनाने का है। उन्होंने कहा की नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के सहयोग से हम नीमच को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारना, अमृत हरित अभियान के तहत हरियाली बढ़ाना और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। नवागत अधिकारी बामनिया ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। बारिश के मद्देनजर बड़े नालों की सफाई के साथ ही छोटे नालों को भी साफ किया जाएगा ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। साथ ही,संवेदनशील क्षेत्रों में दवाओं का छिड़काव कर मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम की जाएगी।

सीएमओ ने कहा कि हर व्यक्ति की भागीदारी से ही नीमच को प्रदेश में एक नई पहचान मिलेगी। इसलिए नागरिकों से संवाद, पारदर्शिता और तेजी से कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर पालिका का पूरा स्टाफ जनसेवा के भाव से कार्य करे, यही हमारी अपेक्षा रहेगी।

Related Post