न्यूज डेस्क
12 June, 2025
प्रशासनिक
मंदसौर। शहर में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। बुधवार शाम आबकारी विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कालाखेत क्षेत्र स्थित एक मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। छापेमारी के दौरान मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया।
अवैध कारोबारियों पर कसा शिकंजा — एक्शन मोड में प्रशासन
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी बीएल डांगी के नेतृत्व में की गई, जिसमें तहसीलदार सोनिका सिंह, सहायक जिला आबकारी अधिकारी नानूराम वास्कले और निरीक्षक कर्मेंद्र सिंह सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। टीम ने सूचना के आधार पर मोहल्ला कालाखेत में एक मकान पर दबिश दी, जहां से आरोपी राजेन्द्र कुमार पिता चुन्नीलाल लखारा को रंगेहाथों पकड़ा गया।
मकान बना था शराब का गोदाम, फ्रिज बना था छुपाने का अड्डा
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 पेटी अवैध शराब जब्त की है । इसके अलावा फ्रिज में छिपाकर रखी गई बीयर, अंग्रेजी शराब और देसी मसाला मदिरा भी बरामद किया गया है।
126.5 लीटर शराब जब्त, कीमत 60 हजार से अधिक
निरीक्षक कर्मेंद्र सिंह के अनुसार, कुल 126.5 बल्क लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी बाज़ार कीमत लगभग 60,170 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।