ताजासमाचार

पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना को इंदौर पुलिस ने किया गिरफ्तार, कार्रवाई से मचा सियासी बवाल | कांग्रेस ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध

डेस्क न्यूज़ 09 July, 2026 अन्य

इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी को गुरुवार को इंदौर पुलिस ने हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इसे सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई जांच के आधार पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, इंदौर पुलिस ने हाल ही में दो ड्रग्स पेडलर्स को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने नाना पटवारी का नाम लिया। पुलिस का दावा है कि इसी आधार पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, नाना पटवारी से 8 साल पुराने खुशी कूलवाल आत्महत्या मामले में भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि इंदौर पुलिस ने अब तक आधिकारिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि गिरफ्तारी किस मामले में की गई है।

इधर, कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जीतू पटवारी ने हाल ही में प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार और उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन की घोषणा की थी। इसी कारण उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।

राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जीतू पटवारी से मिली जानकारी के अनुसार नाना पटवारी को बिना पूर्व सूचना के हिरासत में लिया गया और परिवार को यह भी नहीं बताया गया कि उन्हें कहां ले जाया गया है। उन्होंने पुलिस से कानून सम्मत प्रक्रिया अपनाने और पारदर्शिता बरतने की अपील की है।

फिलहाल इंदौर पुलिस की ओर से इस पूरे मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। मामले ने प्रदेश की राजनीति को गर्मा दिया है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Related Post