डेस्क न्यूज़
10 July, 2026
अन्य
नीमच। भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा नीमच ने अपने 64वें स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत गुरुवार को जमुनिया बालाजी मंदिर परिसर (रावण रुंडी के आगे) में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर परिषद सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए 64 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। इनमें नीम, पीपल, जामुन, आम, अमरूद, गुलमोहर, कनेर और गुड़हल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार रहे। उन्होंने परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि "पौधारोपण वास्तव में जीवन का रोपण है और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे जनभागीदारी वाले अभियान समय की आवश्यकता हैं।" इस दौरान जमुनिया बालाजी मंदिर विकास समिति के पदाधिकारी एवं परिषद के प्रांतीय और क्षेत्रीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण परिषद का एकरूप ड्रेस कोड रहा। सभी सदस्य एक जैसी वेशभूषा में शामिल हुए, जबकि महिला संयोजिका सुनीता चौधरी के नेतृत्व में मातृशक्ति हरे रंग की ड्रेस में पहुंची, जिससे आयोजन का आकर्षण और बढ़ गया।
इस अवसर पर हाल ही में आयोजित सात दिवसीय योग शिविर में सेवाएं देने वाली योग शिक्षिका रिमझिम मंगल का रंगीन दुपट्टा एवं प्रतिष्ठा शील्ड देकर सम्मान किया गया। वहीं परिषद सदस्य रुचिर माहेश्वरी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में दो सीमेंट की कुर्सियां भेंट कर सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में परिषद अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल और कोषाध्यक्ष संदीप दरक ने सभी अतिथियों, सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन के संयोजक प्रदीप डबकरा एवं सह-संयोजक हिम्मत सिंह चन्द्रावत की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पौधारोपण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य एवं महिला सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।