ताजासमाचार

राम मंदिर दान विवाद, नीट पेपर लीक और किसानों के मुद्दे पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, भजन-हवन कर सरकार को दी 'सद्बुद्धि' की नसीहत

डेस्क न्यूज़ 09 July, 2026 अन्य

नीमच। जिले के फोर ज़ीरो स्थित भारत माता चौराहा गुरुवार को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। जिला महिला कांग्रेस ने राम मंदिर में कथित दान चोरी, नीट पेपर लीक, किसानों को खाद-बीज की कमी और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उपवास रखकर भजन-कीर्तन किया और हवन कर सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने "रघुपति राघव राजा राम" भजन का सामूहिक गायन किया और विधि-विधान से हवन किया। साथ ही भाजपा की सांकेतिक तिजोरी रखकर राम मंदिर में कथित दान चोरी के मामले को लेकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन स्थल पर लगाए गए बैनरों और तख्तियों पर "रामलला का चढ़ावा सुरक्षित करो, आस्था का सम्मान करो" तथा "राम मंदिर के लिए दान की आवश्यकता नहीं, दान की आवश्यकता बीजेपी को है" जैसे नारे लिखे गए, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में कथित दान चोरी की घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, लेकिन सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करने के बजाय चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक, किसानों को समय पर खाद-बीज नहीं मिलना और अन्य जनसमस्याओं पर भी सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "राम के नाम पर राजनीति नहीं, रामलला की सुरक्षा चाहिए", "जनता के सवालों का जवाब दो" और "किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराओ" जैसे नारे लगाए। महिला कांग्रेस ने सभी मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और किसानों सहित आम जनता से जुड़े मुद्दों पर तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शन में यासमीन शेरानी, बेबी मेहरा, लीला बंसल, दीपा तंवर, शमीदा मिर्जा, रुखसाना खान, चेतना लालका, रेखा जोशी, बबली तंवर, हिदायतुल्ला खान सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस प्रदर्शन के माध्यम से महिला कांग्रेस ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

Related Post