ताजासमाचार

नीमच। उज्जैन जोन के आईजी उमेश जोगा की मासिक समीक्षा बैठक, अफीम मामलों और जमीनी विवादों पर विशेष फोकस

न्यूज डेस्क 11 June, 2025 प्रशासनिक

उज्जैन जोन के पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा ने मंगलवार को नीमच में जिले के थाना प्रभारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में एसपी अंकित जायसवाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई। अफीम की खेती से जुड़े अपराधों पर चर्चा करते हुए आईजी ने नीमच, मंदसौर और रतलाम जिलों में सक्रियता से कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। इन जिलों में अफीम की खेती ज्यादा होने के कारण संबंधित अपराधों की संख्या भी अधिक रहती है।

12 से 26 जून तक चलेगा विशेष अभियान

आईजी जोगा ने बताया कि 12 से 26 जून के बीच भोपाल पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान में सभी जिलों को सक्रिय भागीदारी करनी होगी। साथ ही उज्जैन जोन में जमीनी विवादों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें राजस्व विभाग का सहयोग लिया जाएगा।

नीमच पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान

उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में हुए गुप्त सर्वेक्षण में नीमच पुलिस को पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिला है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को थाने में आने वाले हर पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आईजी जोगा ने कहा कि 'देशभक्ति और जनसेवा' का आदर्श वाक्य हर पुलिसकर्मी की कार्यशैली का हिस्सा होना चाहिए।

Related Post