डेस्क न्यूज
10 June, 2025
अन्य
नीमच। जिले की जावद तहसील के ग्राम सरवानिया महाराज में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि गांव के ही कंवरलाल पाल व उनकी पत्नी रेखाबाई द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को तुरंत हटाया जाए।
आवेदन के अनुसार, कंवरलाल पाल पिता लक्ष्मण पाल व रेखाबाई पति कंवरलाल द्वारा गांव की शासकीय भूमि पर कब्जा कर वहां पर 8 दुकानों का निर्माण कर लिया गया है। आरोप है कि उन्होंने नगर पंचायत से मिलीभगत कर शासकीय भूमि पर फर्जी दस्तावेज भी तैयार करवाने का प्रयास किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कंवरलाल दंपती खुद को प्रभावशाली बताकर खुलेआम जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने करोड़ों रुपये मूल्य की जमीनों पर अतिक्रमण कर रखा है, जिसमें आंकली रोड़ की बेशकीमती शासकीय भूमि भी शामिल है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उक्त भूमि शासन की योजनाओं जैसे सीएम राइज स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र या अन्य विकास कार्यों के लिए उपयोगी हो सकती है।
शिकायतकर्ताओं सुभानसिंह, बंशीलाल और मुकेशकुमार ने ज्ञापन में बताया कि ग्रामवासियों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण को तत्काल ध्वस्त कर शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए, ताकि इसका उपयोग सार्वजनिक हित में किया जा सके।