ताजासमाचार

मनासा में गूंजा श्रीराम-हनुमान का जयघोष, 92वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

डेस्क न्यूज़ 24 June, 2026 अन्य

मनासा। सनातन संस्कृति के संरक्षण, समाज में सद्भाव, एकता, समरसता और संस्कार जागरण के पावन उद्देश्य से प्रारंभ हुआ सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग कार्यक्रम निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को श्रीरामानुज कोट मंदिर में 92वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं भव्य सत्संग श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

उल्लेखनीय है कि लगभग दो वर्ष पूर्व चातुर्मास के दौरान मनासा पधारे अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा विद्वान, रामराष्ट्र आराधक एवं साहित्याचार्य संत श्री चेतनराम जी महाराज (उदयपुर) ने नगर में निरंतर सत्संग की परंपरा प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा था। नगरवासियों ने इस प्रेरणा को आत्मसात करते हुए प्रति मंगलवार सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ की परंपरा शुरू की, जो आज श्रद्धा और भक्ति का विशाल स्वरूप धारण कर चुकी है।

कार्यक्रम का शुभारंभ भक्तों द्वारा श्रीहनुमानजी महाराज के विग्रह एवं चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सामूहिक रूप से श्रीहनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

सत्संग के दौरान नगर के भजनानंदी राजकुमार मारू ने "हम कथा सुनाते हैं राम सकल गुणगान की" भजन के माध्यम से प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान किया। वहीं गोपाल राठौर ने "सिर पर धरी थी मटकी" भजन प्रस्तुत कर बालकृष्ण की मनमोहक लीलाओं का वर्णन किया। अर्पित शर्मा ने "घुमादे मारा बालाजी घम्मर-घम्मर घोटो" भजन से श्रीहनुमानजी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। गायक नवीन श्रीवास्तव ने "गोकुल की हर गली में, मथुरा की हर गली में" भजन के माध्यम से श्रीकृष्ण भक्ति का रस प्रवाहित किया। विजय उपाध्याय ने "मेरा आपकी कृपा से हर काम हो रहा है" भजन प्रस्तुत कर ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का संदेश दिया, जबकि ओम सोनी ने "श्रीराम जी की निकली सवारी" भजन से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया तथा आगामी 30 जून, मंगलवार रात्रि 8:30 बजे शिवाजी चौराहा धोबी गली कॉर्नर पर आयोजित होने वाले सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया गया।

Related Post