डेस्क न्यूज़
24 June, 2026
अन्य
मनासा। नीमच जिले के मनासा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मालाखेड़ा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन कुएं में कार्य के दौरान अचानक गीली मिट्टी धंस जाने से एक ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम मालाखेड़ा निवासी रामप्रसाद ओकर पिता लालू बंजारा के खेत पर कुएं का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार और मजदूर कुएं के अंदर काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक कुएं की दीवारों से गीली मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई और वहां मौजूद मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस दर्दनाक दुर्घटना में कुएं के ठेकेदार रामप्रसाद पिता माधव ओढ़ (लगभग 50 वर्ष), निवासी धामनिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मिट्टी में दबने से दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मनासा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से मृतक के शव को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मनासा शासकीय अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।