ताजासमाचार

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को भाजपा ने किया नमन, नीमच में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया बलिदान दिवस

डेस्क न्यूज़ 24 June, 2026 अन्य

नीमच। भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, महान शिक्षाविद् एवं अखंड भारत के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत रोटरी डायमंड पार्क के बाहर स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद भाजपा कार्यालय तपोभूमि में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अलग व्यवस्था का विरोध करते हुए “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया और इसी संकल्प को लेकर संघर्ष करते हुए 23 जून 1953 को अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटना उनके सपनों को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। उनके विचार आज भी युवाओं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की सीख देते हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महेंद्र भटनागर, हेमंत हरित, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत, दारा सिंह यादव सहित जिले के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Related Post