ताजासमाचार

नीमच में सनसनीखेज खूनी लूट ! कुरियर ऑफिस में युवक पर चाकू से हमला, मौके पर पहुंचे एसपी राजेश व्यास

डेस्क न्यूज़ 24 June, 2026 अन्य

नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक सनसनीखेज लूट और चाकूबाजी की वारदात से हड़कंप मच गया। महू रोड स्थित दक प्लाजा के पास एक कुरियर डिलीवरी ऑफिस में चार बदमाशों ने घुसकर कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया और करीब 50 हजार रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे ऑफिस में मौजूद सूरजनाथ पिता ओंकारनाथ निवासी नीमच सिटी के पास चार युवक पार्सल की जानकारी लेने के बहाने पहुंचे। कुछ देर बातचीत के बाद बदमाशों ने अचानक सूरजनाथ के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में सूरजनाथ के कंधे और पीठ पर दो गहरे घाव आए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ऑफिस में रखी करीब 50 हजार रुपए की नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा सीएसपी किरण चौहान सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। 

प्रारंभिक जांच में पुलिस इस वारदात को सुनियोजित मान रही है। शहर के बीच हुई इस दुस्साहसिक घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

Related Post