ताजासमाचार

18 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 14 अस्पताल कार्मिक बने राष्ट्ररक्षक, सीआरपीएफ नीमच में भव्य शपथ ग्रहण एवं रैक समारोह संपन्न

डेस्क न्यूज़ 20 June, 2026 अन्य

नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी) नीमच में शनिवार को 14 अस्पताल कार्मिकों के शपथ ग्रहण एवं रैक समारोह का भव्य आयोजन किया गया। ग्रुप केंद्र नीमच के क्वार्टर गार्ड परिसर में आयोजित समारोह जोश, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ, जहां नव प्रशिक्षुओं ने राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता के लिए समर्पित होकर सेवा करने की शपथ ली।

समारोह के मुख्य अतिथि संदीप दत्ता, महानिरीक्षक, प्रशिक्षण महानिदेशालय, सीआरपीएफ नई दिल्ली ने परेड की सलामी ली। वहीं जितेंद्र कुमार गुप्ता (पीएमजी), कमांडेंट एवं मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी, सीटीसी नीमच ने प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रशिक्षुओं के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अस्पताल कार्मिकों का यह बुनियादी प्रशिक्षण 9 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुआ था। 18 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, युद्ध कौशल, कानून, प्रबंधन तथा निहत्थी लड़ाई का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा सेवाओं और आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने जैसे विषयों पर भी उन्हें प्रशिक्षित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जंगल कैंप एवं प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर रहकर कार्य करने का अभ्यास भी कराया गया, ताकि वे विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्रविरोधी ताकतों का सामना करने में सक्षम बन सकें। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि संदीप दत्ता ने नव प्रशिक्षित अस्पताल कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें देश की सुरक्षा, सेवा और अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ का प्रत्येक जवान देश की सुरक्षा का मजबूत प्रहरी है और उसे हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए।

समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रण-कौशल का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने उपस्थित अतिथियों और परिजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन फोटोग्राफी सत्र और मीडिया संवाद के साथ हुआ।

अब ये 14 अस्पताल कार्मिक पूर्ण प्रशिक्षित सैनिक के रूप में देश के विभिन्न हिस्सों में तैनात होकर राष्ट्रसेवा का दायित्व निभाएंगे।

Related Post