मुकेश राठौर
20 June, 2026
अन्य
रामपुरा। तहसील मुख्यालय के समीपवर्ती ग्राम परपड़िया (बेसला डायली के पास) में एक धार्मिक आयोजन के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक देवस्थान पर पूजा-अर्चना करने गए गुर्जर समाज के श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में तीन मासूम बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से ही क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मासूम बच्चों को मधुमक्खियों ने बुरी तरह नोंचा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुर्जर समाज के परिवार देवस्थान पर धोक देने और पूजा करने पहुंचे थे। पूजा के दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुण्ड भड़क गया और उसने श्रद्धालुओं पर धावा बोल दिया। भागने का अवसर न मिलने के कारण बुजुर्ग महिलाएं और छोटे बच्चे इसकी चपेट में आ गए।
इस हमले में रमती बाई (70 वर्ष), छोटी बाई (60 वर्ष), मनीष (5 वर्ष), वेदिका (6 वर्ष) और पूनम (3 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मधुमक्खियों के बेतहाशा डंक मारने के कारण चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद आस-पास के लोगों ने बमुश्किल सभी को बचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद 6 वर्षीय वेदिका नीमच रेफर
सभी घायलों को आनन-फानन में तत्काल रामपुरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी से उनका इलाज शुरू किया। रामपुरा सिविल अस्पताल के इंचार्ज डॉक्टर अभिषेक चौहान ने बताया कि अस्पताल लाए गए छोटे-छोटे बच्चों की स्थिति मधुमक्खियों के अत्यधिक डंक मारने के कारण काफी नाजुक बनी हुई थी।
डॉक्टरों द्वारा त्वरित प्राथमिक उपचार देने के बाद, 6 वर्षीय मासूम बच्ची वेदिका की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य चार घायलों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उनका उपचार रामपुरा सिविल अस्पताल में ही जारी है।