डेस्क न्यूज़
20 June, 2026
अन्य
नीमच। जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) के संबंध में आम नागरिकों के सुझाव प्राप्त करने के लिए एक वृहद परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और एसपी राजेश व्यास विशेष रूप से उपस्थित रहे। परिचर्चा के दौरान उपस्थित अधिकांश नागरिकों ने समान नागरिक संहिता का पुरजोर समर्थन किया और इसे देश, समाज तथा नागरिक अधिकारों के हित में संरक्षण देने वाला बिल बताया।
कानून सरल भाषा में हो और संस्कृति पर फोकस रहे : ओमप्रकाश सखलेचा
परिचर्चा को संबोधित करते हुए जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि समान नागरिक संहिता के संबंध में प्राप्त हो रहे सभी सुझाव बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने सुझाव ऑनलाइन भी दर्ज करवाएं। सखलेचा ने जोर देकर कहा कि कानून की भाषा एकदम सरल होनी चाहिए ताकि हर नागरिक इसे समझ सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनभावनाओं के अनुरूप ही समान नागरिक संहिता बिल लाने का प्रयास कर रही है, जिसमें हमारी संस्कृति और जीवन के संस्कारों पर विशेष फोकस किया जाना चाहिए।
लैंगिक भेदभाव खत्म होगा और बढ़ेगी समरसता: दिलीप सिंह परिहार
नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने बिल का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने से समाज में समरसता का वातावरण निर्मित होगा और एकता का भाव जागृत होगा। उन्होंने कहा कि समाज में लैंगिक आधार पर किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। इस संहिता के माध्यम से महिलाओं और पुरुषों दोनों को समान अधिकार मिलेंगे, जो एक सशक्त समाज के लिए जरूरी है।
विभिन्न समाजों और प्रबुद्धजनों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
परिचर्चा में भाग लेते हुए पार्षद राकेश किलोरिया ने इस कानून को देश हित में बताते हुए इसे देश की संसद के माध्यम से बनाने का सुझाव दिया। इसके अलावा सिंधी समाज के नंदलाल मालानी, रोटरी क्लब के दर्शनसिंह गांधी, पूर्व पार्षद बाबूलाल नागदा, शशी कुमार कल्याणी, लक्ष्मी नारायण जोशी, जगदीश शर्मा, शंकर सिंह डोडिया, मुफ्ती मोहम्मद सिद्दीकी, पंकज मालवीय और प्रेमचंद्र कलोसिया आदि प्रबुद्धजनों ने भी मंच से अपने-अपने महत्वपूर्ण विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान कई नागरिकों ने मौके पर ही अपने सुझाव ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज भी करवाए।
अधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। एडीएम बी.एस. कलेश, डिप्टी कलेक्टर संजीव साहू, चंद्र सिंह धार्वे और सीएमओ दुर्गा बामनिया ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. संजय जोशी ने किया तथा आभार प्रदर्शन संजीव साहू द्वारा व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, विभिन्न समाजों व संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधि, मीडियाकर्मी, जिला अधिकारी, कर्मचारी, महिलाएं और युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।