ताजासमाचार

नीमच : सल्फास सेवन से 50 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

डेस्क न्यूज़ 18 June, 2026 अन्य

नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भाटखेड़ी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 50 वर्षीय नानूराम पिता पन्नालाल भोई की गुरुवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नानूराम ने तीन दिन पूर्व अज्ञात कारणों के चलते सल्फास का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

परिजनों ने गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल नीमच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही और गुरुवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृत्यु की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद शव को जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सल्फास सेवन के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान परिजनों एवं अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नानूराम ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post