डेस्क न्यूज़
18 June, 2026
अन्य
नीमच। आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, सहज और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर पालिका परिषद नीमच परिसर में जिला स्तरीय जनकल्याण महोत्सव का भव्य एवं व्यापक आयोजन किया गया। प्रदेशव्यापी अभियान के अंतर्गत आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों, हितग्राहियों एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर मौके पर ही अनेक लाभ भी प्राप्त किए। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर पात्र हितग्राहियों को त्वरित लाभ सुनिश्चित करना रहा।
महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ ही आवश्यक मार्गदर्शन एवं पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, राशन कार्ड से संबंधित सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, डाकघर की बचत योजनाएं, संत रविदास स्वरोजगार योजना तथा पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। इन स्टॉलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली और पात्रतानुसार आवेदन की प्रक्रिया भी पूर्ण की।
इसके साथ ही विभिन्न बैंकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी योजनाओं से जुड़े बैंकिंग लाभों की जानकारी भी आमजन को दी गई। कई हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से संबंधित लाभ एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिससे वे काफी संतुष्ट नजर आए।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण योजना बताते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध हुआ है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है। साथ ही उन्होंने अन्य योजनाओं के लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डालते हुए पात्र हितग्राहियों से अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन कर लाभ प्राप्त किया। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद की भूमिका की भी सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन राजेश ‘पप्पू’ मंगल द्वारा किया गया।