ताजासमाचार

सीएम डॉ. मोहन यादव की बड़ी घोषणा! मध्यप्रदेश में बनेगा साइबर सिक्योरिटी रिसर्च सेंटर, डेटा सुरक्षा को मिलेगी नई ताकत

डेस्क न्यूज़ 15 June, 2026 अन्य

भोपाल। मध्यप्रदेश में साइबर अपराध और डेटा सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल में आयोजित 'राज्य डेटा के लिए साइबर सुरक्षा फ्रेमवर्क को सुदृढ़ बनाने' विषयक परामर्श कार्यशाला में प्रदेश में साइबर सिक्योरिटी रिसर्च सेंटर स्थापित करने की घोषणा की।

कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित इस कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बदलते दौर में साइबर सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरी है और मध्यप्रदेश हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई कर अपनी क्षमता साबित की है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि वे समय रहते आने वाली चुनौतियों को पहचान लेते हैं और उनसे निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी तैयार कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में डेटा की सुरक्षा अब सीमा सुरक्षा जितनी ही महत्वपूर्ण हो गई है।

डॉ. यादव ने कहा कि आज ऑनलाइन लेनदेन और डिजिटल सेवाओं का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में नागरिकों की मेहनत की कमाई और व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साइबर अपराध, डीपफेक और डेटा चोरी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि महू स्थित मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से प्रदेश में साइबर सिक्योरिटी रिसर्च सेंटर स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र साइबर सुरक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। साथ ही साइबर हमलों की समय रहते पहचान और रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य का डेटा सबसे मूल्यवान संपत्ति है और उसकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार साइबर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Related Post