डेस्क न्यूज़
13 June, 2026
अन्य
नीमच। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर पालिका परिषद द्वारा तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 26 और 27 के अंतर्गत कमल चौक से ग्वालटोली तक लगभग 64 लाख रुपए की लागत से सड़क चौड़ीकरण एवं डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है। निर्माणाधीन सड़क का शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी, एल्डरमैन अरुणा तलरेजा तथा क्षेत्रवासियों के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित ठेकेदार और कर्मचारियों को सड़क निर्माण में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए नपा अध्यक्ष, लोक निर्माण सभापति, एल्डरमैन और स्वच्छता निरीक्षक भरत सिंह भारद्वाज का केसरिया उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार कमल चौक से महेश सर्कल, गायत्री मंदिर, टीवीएस शोरूम चौराहा और निरोगधाम पुलिया होते हुए ग्वालटोली मार्ग तक करीब 1300 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क को दोनों ओर सात-सात फीट चौड़ा किया जा रहा है, जिससे यह मार्ग शहर की प्रमुख और आकर्षक सड़कों में शामिल होगा।
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और सड़क निर्माण में बाधा बन रहे सामान को हटाकर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर पालिका महानगरों की तर्ज पर शहर में चौड़ी, सुव्यवस्थित और आधुनिक सड़कों का निर्माण करा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, शहर की सुंदरता बढ़ेगी और स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से शहर को बेहतर यातायात, सौंदर्यीकरण और स्वच्छता जैसे तीन बड़े लाभ एक साथ मिलेंगे। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका इंजीनियर दीपक मुवेल, लोक निर्माण लिपिक अर्जुन राठौड़ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।