डेस्क न्यूज़
12 June, 2026
अन्य
नीमच टाउन हॉल में भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस, नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा और जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
नीमच। राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के मुद्दे पर भाजपा ने शुक्रवार को नीमच टाउन हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। नपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट स्वाति गौरव चौपड़ा और भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने दावा किया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन किसी राजनीतिक साजिश का नहीं, बल्कि कांग्रेस की आंतरिक खींचतान और तथ्यों को छिपाने का परिणाम है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के ही नेताओं ने एक महिला उम्मीदवार को राज्यसभा पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र रचा।
शुक्रवार को नीमच टाउन हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा नेत्रियों ने कहा कि कांग्रेस का "नारी सम्मान" केवल नारे तक सीमित है, जबकि उसका राजनीतिक आचरण महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट स्वाति गौरव चौपड़ा ने कहा कि कांग्रेस लगातार इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि नामांकन निरस्त होने की स्थिति कांग्रेस नेताओं द्वारा आवश्यक जानकारी छिपाने के कारण बनी। उन्होंने कहा कि यदि नामांकन पत्र और शपथ-पत्र में सभी तथ्य सही तरीके से प्रस्तुत किए जाते तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व महिला सम्मान की बात तो करता है, लेकिन जब अपनी ही महिला कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ न्याय करने की बात आती है तो पार्टी का दोहरा चरित्र सामने आ जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों के कारण मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा पहुंचने से रोकने का प्रयास किया गया।
भाजपा नेताओं ने तेलंगाना से जुड़े उस प्रकरण का भी उल्लेख किया, जिसमें एक महिला कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर न्यायालय में मामला विचाराधीन रहा। भाजपा का दावा है कि इसी मामले से जुड़ी जानकारी शपथ-पत्र में शामिल नहीं किए जाने के कारण नामांकन निरस्त हुआ। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह चुनावी प्रक्रिया का विषय है और भाजपा हमेशा संवैधानिक एवं निर्वाचन संबंधी नियमों का पालन करने के पक्ष में रही है।
पत्रकार वार्ता में मौजूद भाजपा महिला पदाधिकारियों ने भी कांग्रेस पर महिलाओं के मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए महिला सम्मान का मुद्दा उठाती है।
प्रेस वार्ता में भाजपा ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्तीकरण को कांग्रेस के "आंतरिक षड्यंत्र" और "महिला विरोधी मानसिकता" का उदाहरण बताते हुए विपक्षी दल से जवाब मांगा कि यदि सब कुछ सही था तो नामांकन निरस्त होने की नौबत आखिर क्यों आई।