ताजासमाचार

चीताखेड़ा में आज से बहेगी श्रीमद् भागवत कथा की ज्ञान गंगा, भव्य कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ

डेस्क न्यूज़ 12 June, 2026 अन्य

नीमच \ चीताखेड़ा । माली मोहल्ले स्थित अतिप्राचीन आशुतोष भगवान शिव मंदिर प्रांगण में शनिवार से संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा एवं भगवान श्री राधा-कृष्ण प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ होगा। कथा का वाचन कथा मर्मज्ञ पंडित कुलदीप शर्मा (बांगरेड वाले) के मुखारविंद से किया जाएगा।

मुख्य यजमान घीसालाल (पारोलिया) माली ने बताया कि श्री सांवलिया सेठ, बालाजी एवं कुलदेवता की कृपा तथा समस्त माली समाज के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार, देश में सुख-शांति, परिवारों में समृद्धि तथा प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा की कामना करना है।

आयोजन के तहत 13 जून को प्रातः 8 बजे बजरंग मंदिर से भव्य पौथी एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। बैण्ड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकलने वाली यह यात्रा शेख मोहल्ला, बस स्टैंड, जैन गली, नीम चौक और माणक चौक होते हुए चारभुजानाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां भगवान श्रीकृष्ण को वागा वस्त्र अर्पित करने के बाद यात्रा कथा स्थल पर पहुंचेगी।

शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन प्रातः 11:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक होगी, जिसमें पंडित कुलदीप शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं एवं धर्म ज्ञान का रसपान कराएंगे।

सत्यनारायण माली, भरत माली एवं सुरेश माली ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने तथा धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Related Post