डेस्क न्यूज
29 May, 2026
प्रशासनिक
नीमच। शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत शहरभर में पानी की गुणवत्ता जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पालिका की टीम वार्ड क्रमांक-15 पहुंची, जहां पेयजल के सैंपल लेकर मौके पर तकनीकी जांच की गई।
नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर केमिस्ट सुरेश पवार के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के विभिन्न पेयजल स्रोतों की जांच की। इस दौरान पानी की गुणवत्ता परखने के लिए पीएच टेस्ट, टीडीएस टेस्ट, क्लोरीन टेस्ट, टर्बिडिटी टेस्ट सहित कई परीक्षण किए गए। वहीं विस्तृत जांच के लिए पानी के सैंपल प्रयोगशाला भी भेजे गए हैं।
जांच के दौरान प्रारंभिक रिपोर्ट संतोषजनक पाई गई। केमिस्ट सुरेश पवार ने बताया कि पानी का टीडीएस स्तर 305 और क्लोरीन स्तर 0.5 पाया गया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से शहर के अलग-अलग वार्डों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में हर वार्ड में इसी प्रकार पानी की गुणवत्ता जांची जाएगी।
नगर पालिका की इस पहल को शहरवासियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी नियमित जल जांच अभियान की सराहना करते हुए इसे जरूरी बताया।